नगर निगम के विभिन्न वार्डों में 7.39 करोड़ की 62 विकास योजनाओं की निविदा जारी...
बेतिया नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला-नाली और लिंक रोड समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कुल 62 विकास योजनाओं की निविदा जारी कर दी गई है। इन योजनाओं की कुल अनुमानित लागत 7 करोड़ 38 लाख 64 हजार 131 रुपए, यानी करीब 7.39 करोड़ रुपए है। महापौर ने बताया कि इससे पहले भी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 165 और 129 सड़क, नाला तथा लिंक रोड निर्माण से संबंधित योजनाओं की निविदा जारी की जा चुकी है। इस तरह क्रमवार पारित कुल 356 विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहरी क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज होने की उम्मीद है। गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि इन योजनाओं को नगर निगम बोर्ड द्वारा पहले भी पारित किया गया था। उनके प्रयासों के बाद इन्हें पुनः क्रमवार स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया में लाया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग सभी वार्डों में पीसीसी सड़क, नाला-नाली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के ढांचागत विकास पर 70 करोड़ रुपए से अधिक राशि खर्च होने का अनुमान है। जारी 62 निविदाओं में स्थानीय जरूरतों के अनुसार अलग-अलग वार्डों में छोटी-बड़ी योजनाएं शामिल की गई हैं। इनमें पीसीसी लिंक सड़क निर्माण, सड़क सुदृढ़ीकरण, नाला-नाली निर्माण और जल निकासी से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के साथ जलजमाव और जल निकासी की समस्या को दूर करना है। महापौर ने बताया कि प्रत्येक योजना की अलग-अलग अनुमानित लागत निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसियों के माध्यम से कार्य कराया जाएगा। अधिकांश योजनाओं की निर्धारित कार्य-अवधि तीन माह रखी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क और नाला-नाली जैसी बुनियादी संरचनाओं के निर्माण से नागरिकों को आवागमन, जल निकासी और दैनिक सुविधाओं में बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
#champaran24news #viralreelschallenge #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge