#भरतपुर। डीग जिले के कुम्हेर इलाके में बाबुला कैनाल से लेकर कुम्हेर कस्बे तक बन रहे नाले के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नाले की खुदाई के काम को पूरी तरह रुकवा दिया। ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे सुरेश चंद ने बताया कि नगर पालिका जहां नाले की खुदाई कर रही है, वह जगह डिवाइडर से 100 फुट की दूरी पर है और वहां स्थानीय ग्रामीणों के खेत आते हैं। ग्रामीणों की मांग है कि निजी खेतों में निर्माण किए जाने के बदले उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए, और बिना मुआवजे के वे काम नहीं होने देंगे। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर नगर पालिका के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे और समझाइश का कोई असर नहीं हुआ, जिसके बाद अधिकारियों को बुलडोजर मशीनों के साथ वापस लौटना पड़ा। दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि भरतपुर से कुम्हेर जाने वाला यह मार्ग स्टेट हाईवे है, जिसके तहत डिवाइडर से दोनों तरफ 120 फुट का दायरा सरकारी जमीन के अंतर्गत आता है। नगर पालिका इसी नियम के तहत 100 फुट के अंदर ही हाईवे के दोनों तरफ नाले का निर्माण करवा रही है, फिर भी ग्रामीणों द्वारा काम में बाधा डाली जा रही है।