#भरतपुर। जिले में रविवार को 46 परीक्षा केंद्रों पर वनपाल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक आयोजित की गई, जिसमें कुल 13,941 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,558 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,383 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत हर केंद्र पर निगरानी रखने के लिए 9 फ्लाइंग स्क्वायड टीमें तैनात की गईं, जिनमें आरएएस, आरपीएस और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल थे। परीक्षा केंद्रों पर एंट्री से पहले अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति ली गई और मेटल डिटेक्टर से गहन तलाशी की गई। इस दौरान सख्त गाइडलाइन के तहत कपड़ों में लगी मेटल की चीजें हटवाई गईं और महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे, हाथों में बंधे धागे व कलावे भी केंद्र के बाहर ही निकलवा दिए गए। दोपहर 1 बजे परीक्षा खत्म होने के बाद बस स्टैंड पर अचानक परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बसों की संख्या कम होने के कारण ग्रामीण इलाकों से आए अभ्यर्थियों में सीट पाने के लिए बस में चढ़ते समय जमकर धक्का-मुक्की देखने को मिली, वहीं बस स्टैंड पर सुरक्षा या व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात नहीं नजर आए।