#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देशन में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरागेट थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थानाधिकारी हरलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम के सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ने जाप्ते के साथ सारस चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान अवैध रूप से खंडा (पत्थर) भरकर परिवहन कर ले जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। पुलिस ने मौके से अवैध खनन सामग्री से भरी दोनों मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया, जिनके नंबर आरजे02-आरडी-9252 और आरजे05-आरसी-9194 हैं। इस मामले में पुलिस ने कुम्हेर के वाबैन निवासी दोनों चालकों मुंशीलाल और उसके पुत्र ओमवीर को गिरफ्तार किया है। मथुरागेट थाने में आरोपियों के खिलाफ एमएमआरडी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।