कैम्ब्रिज अंतर्राष्ट्रीय स्कूल मौहल, कुल्लू में “मुट्ठी भर अनाज” कार्यक्रम का भव्य आयोजन
अन्नपूर्णा चैरिटेबल ट्रस्ट को भेंट की राशन व आर्थिक सहायता
Kullu Times
विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार, संवेदनशीलता और सेवा भाव की भावना जागृत करने के उद्देश्य से कैम्ब्रिज अंतर्राष्ट्रीय स्कूल मौहल, कुल्लू में “मुट्ठी भर अनाज” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस सराहनीय पहल के अंतर्गत कक्षा तीसरी से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने घरों से एक-एक मुट्ठी अनाज लाकर समाज सेवा में अपना बहुमूल्य योगदान दिया।
विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के समस्त शिक्षक वर्ग और कर्मचारियों ने भी इस पुण्य अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से लगभग 100 किलो आटा, 100 किलो चावल, 50 किलो मूंग दाल और 50 किलो माश दाल (कुल लगभग 300 किलो खाद्यान्न) एकत्रित किया गया। एकत्रित की गई यह संपूर्ण खाद्य सामग्री जरूरतमंदों की सेवा के लिए अन्नपूर्णा चैरिटेबल ट्रस्ट को विधिवत रूप से दान में दी गई। इसके अतिरिक्त, विद्यालय प्रबंधन की ओर से ट्रस्ट के निरंतर सेवा कार्यों को संबल प्रदान करने हेतु 11,000 रुपये की आर्थिक सहयोग राशि भी भेंट की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्नपूर्णा चैरिटेबल सोसाइटी के सदस्य भीम कटोच ने विद्यालय परिवार के इस मानवीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि अन्नपूर्णा ट्रस्ट वर्ष 2018 से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रतिदिन निस्वार्थ भाव से अन्न सेवा (लंगर) का संचालन कर रहा है, जो जनसहयोग से ही निरंतर संभव हो पा रहा है। उन्होंने कोरोना महामारी के कठिन दौर में ट्रस्ट द्वारा किए गए राहत कार्यों को भी स्मरण किया और कहा कि विद्यालय द्वारा दिया गया यह राशन व 11,000 रुपये का योगदान जरूरतमंदों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रैना वर्मा ने बताया कि यह नेक पहल एएफएस (AFS), जूनियर रेड क्रॉस (JRC) और सेवा (SEWA) प्रोजेक्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ बच्चों को नैतिक मूल्यों, करुणा और दानशीलता की व्यावहारिक शिक्षा देना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस अवसर पर कक्षा पहली से लेकर जमा दो तक के सभी विद्यार्थी एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Nov 27, 2026