दबंग महिला व उसके पति ने मंदबुद्धि युवक को बेल्ट से पीटा, मोहल्लेवासियों ने कोतवाली में लगाई न्याय की गुहार
कुंडी खोलने की मामूली सी बात पर महिला ने खोया आपा, बेल्ट लेकर युवक को खेतों तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
पीटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, 22 मोहल्लेवासियों ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
शाहजहांपुर:महानगर के थाना सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला गदियाना (पेट्रोल पंप के पीछे) में एक महिला और उसके पति द्वारा मंदबुद्धि युवक की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। पिटाई की घटना का वीडियो मोहल्ले के लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और 22 मोहल्लेवासियों ने सदर कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक से आरोपी दंपति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
मोहल्ला गदियाना निवासी मोहित पुत्र राकेश ने कोतवाली में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि 1 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे उनके रिश्तेदार (जो कि मंदबुद्धि हैं) घर के दरवाजे पर बैठे हुए थे। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाली प्रीति पत्नी बिजेंद्र के मुख्य दरवाजे की कुंडी किसी बच्चे ने बाहर से लगा दी थी। प्रीति अंदर से अपना दरवाजा लगातार पीट रही थी।
यह देखकर मोहित के रिश्तेदार (मामा) ने दरियादिली दिखाते हुए आगे बढ़कर दरवाजे की कुंडी खोल दी। लेकिन दरवाजा खुलते ही प्रीति हाथ में बेल्ट लेकर निकली और कुंडी खोलने वाले मंदबुद्धि युवक पर ही टूट पड़ी। महिला उसे पीटते हुए खेतों तक ले गई। जब अन्य लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपी महिला ने उन्हें भी भद्दी-भद्दी गालियां देकर वहां से भगा दिया।
पति ने दी जिंदा दफन करने की धमकी
घटना के दौरान ही आरोपी महिला का पति बिजेंद्र भी वहां पहुंच गया और वह भी मंदबुद्धि युवक को पीटने लगा। आरोप है कि बिजेंद्र ने मोहल्ले वालों को गालियां देते हुए धमकी दी कि अगर दोबारा उनके दरवाजे के आसपास कोई दिखाई दिया तो उसे जिंदा जमीन में दफन कर देंगे।
पूर्व में भी झूठी शिकायतें करने का आरोप:
मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि उक्त महिला आए दिन अकारण युवकों को फंसाने की नीयत से पुलिस में झूठी शिकायतें करती रहती है। इससे पहले भी पुलिस को उसकी इस कारस्तानी की सही जानकारी होने के कारण बेकसूर युवकों पर कार्रवाई होने से बचाव हो सका था। मोहल्ले वालों का आरोप है कि महिला और उसका पति आए दिन जूते और बेल्ट से लोगों के साथ मारपीट करते हैं।
पुलिस कार्रवाई
घटना से आक्रोशित मोहल्ले के करीब 22 लोग एकजुट होकर सदर कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर सौंपकर आरोपी दंपति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Hardoi, Hardoi | Aug 2, 2026