नवरात्रि समापन पर नांगल शेरपुर में विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने पाई पंगत प्रसादी।
#57news #Rajasthan
करौली राजस्थान
ग्राम पंचायत नांगल शेरपुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भैरवी माता मंदिर में नवरात्रि कार्यक्रम के समापन पर सोमवार को आम बस्ती के सहयोग से विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने मां भैरवी के जयकारों के बीच लड्डू-पूड़ी की पंगत प्रसादी ग्रहण की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के अवसर पर भैरवी माता मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रोशनी, फूल-मालाओं एवं विभिन्न सजावटी वस्तुओं से भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर में सजाई गई माता रानी की फूल बंगला झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। नौ दिनों तक चले धार्मिक कार्यक्रमों को मथुरा-वृंदावन के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
विशाल जागरण में उमड़े श्रद्धालु-
नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान माता भैरवी का विशाल जागरण आयोजित किया गया, जिसमें आर्केस्ट्रा पार्टी द्वारा माता रानी की भेंटें एवं भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे और माता रानी के जयकारे लगाते रहे। वहीं, लांगुरिया गीतों पर महिलाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया।
कन्या भोज के साथ शुरू हुआ भंडारा-
सोमवार को भंडारा कार्यक्रम की शुरुआत कन्या भोज के साथ हुई। इस दौरान देवी स्वरूप कन्याओं को भोजन कराने के साथ नकद राशि एवं टिफिन भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए लड्डू-पूड़ी की पंगत प्रसादी की व्यवस्था शुरू की गई, जो देर रात तक जारी रही।
भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित करने की जिम्मेदारी सैकड़ों युवाओं ने संभाली। युवाओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से पंगत में बैठाकर प्रसादी ग्रहण करवाई। आयोजन में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा कार्यों में सहयोग किया।
धर्म और आस्था का दिखा संगम
भैरवी माता मंदिर में आयोजित नवरात्रि समापन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक अनुष्ठानों, जागरण, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे के माध्यम से क्षेत्र में धर्म, आस्था और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में गांव के गणमान्य पंच-पटेलों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
फोटो- नांगलशेरपुर में आयोजित विशाल भंडारा
Balghat, Karauli | Oct 19, 2026