अंकुर राज तिवारी ने किया सड़कों का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
संतकबीरनगर। खलीलाबाद सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने बुधवार को क्षेत्र में निर्माणाधीन भुजैनी–बन्हैता मार्ग एवं मलोरना–भदहा– चिलौना मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जनता के धन से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल हो और कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जहां भी सुधार की आवश्यकता दिखाई दी, विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कें सीधे तौर पर आम जनता के आवागमन से जुड़ी हैं, इसलिए इनके निर्माण में लापरवाही से लोगों को परेशानी होती है। निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों की केवल कागजी समीक्षा नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता शाकिर राव, सहायक अभियंता बी.एन. वर्मा, प्रांतीय खंड अधिकारी आर.के. पाण्डेय, कनिष्ठ अभियंता नवनीत पाठक एवं बैद्यनाथ पाठक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।