*अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक*
*18-19 आयु वर्ग के युवा,छूटे हुए एवं महिला मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा जेंडर अनुपात में सुधार पर विशेष जोर*
दरभंगा, 13 नवम्बर 2026 :-
अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्वाचक सूची में नए मतदाताओं, विशेषकर 18 से 19 आयु वर्ग के युवाओं, छूटे हुए पात्र मतदाताओं एवं महिला मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं।
उन्होंने मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जेंडर अनुपात में सुधार लाने पर विशेष बल दिया। साथ ही, जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (BLA) की नियुक्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई।
बताया गया कि इस पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक सूची को स्वच्छ, शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण किया जा सके।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम निम्नवत निर्धारित किया गया है।
प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन – 12 नवंबर 2026।
दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि – 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक।
विशेष अभियान दिवस – 21 एवं 22 नवंबर तथा 05 एवं 06 दिसंबर 2026।
दावा एवं आपत्तियों का निपटान – 18 दिसंबर 2026।
निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन – 04 जनवरी 2027।
*उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 3329 है।*
*निर्वाच की 12/ 11/2026 तक महिला मतदाता 13 लाख 87 हजार 402, पुरुष मतदात 15 लाख 42 हजार 510 एवं अन्य 29 है, कुल 29 लाख 29 हजार 941 है।*
बताया गया कि लिंगानुपात 899 है एवं 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाता 13689 है।
बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अवधि के दौरान अर्हता प्राप्त कोई भी व्यक्ति निर्वाचक सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके अतिरिक्त, निर्वाचक सूची में दर्ज किसी भी गलत प्रविष्टि के विरुद्ध नियमानुसार आपत्ति भी दर्ज कराई जा सकती है।
अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के साथ-साथ आगामी तीन अर्हक तिथियों अर्थात् 01 अप्रैल 2027, 01 जुलाई 2027 एवं 01 अक्टूबर 2027 के आधार पर भी निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बैठक में विभिन्न प्रकार के आवेदन एवं दावा-आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रपत्रों की जानकारी दी गई। इसके तहत—
प्रपत्र-6 एवं 6क: निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने के लिए।
प्रपत्र-7: मौजूदा निर्वाचक सूची से नाम हटाने के लिए।
प्रपत्र-8: निवास स्थान परिवर्तन, निर्वाचक सूची की प्रविष्टियों में सुधार, ईपिक (EPIC) प्रतिस्थापन एवं दिव्यांगजन (PWD) के रूप में चिह्नित करने के लिए।
बताया गया कि प्रपत्र-7 के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक आपत्ति के संदर्भ में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा तथा संबंधित व्यक्ति को नोटिस का तामिला सुनिश्चित किया जाएगा।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा नोटिस निर्गत करने एवं समुचित आदेश पारित करने के बाद ही प्रारूप निर्वाचक सूची से किसी नाम को हटाया जा सकेगा। इस पूरी प्रक्रिया में निर्धारित कानूनी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में अपील संबंधी कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के किसी निर्णय से व्यथित मतदाता जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के अंतर्गत 15 दिनों के भीतर जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील दायर कर सकता है।
इसी प्रकार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट मतदाता उक्त अधिनियम की धारा 24 के अंतर्गत 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।
राजनीतिक दलों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (BLA) को मतदाताओं से भरे हुए आवेदन प्रपत्र एकत्र करने एवं प्रतिदिन प्रति बीएलए अधिकतम 10 आवेदन (प्रपत्र-6, 7 एवं 8) जमा करने की अनुमति दी गई है।
बैठक में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1769 बीएलए-2 तथा राष्ट्रीय जनता दल द्वारा 241 बीएलए-2 से संबंधित आवेदन पत्रों की ऑनलाइन प्रविष्टि कराई गई है। हालांकि, उक्त बीएलए-2 की नियुक्ति से संबंधित आवश्यक प्रपत्र एवं सूची कार्यालय में जमा नहीं किए जाने के कारण उनका अनुमोदन लंबित है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि मतदान केंद्रों की संख्या के अनुरूप प्रत्येक भाग क्षेत्र के लिए निर्धारित नए प्रपत्र में मतदान केंद्र स्तरीय अभिकर्ता (BLA) की नियुक्ति सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से निर्वाचक सूची के स्वच्छ, शुद्ध एवं त्रुटिरहित निर्माण में काफी मदद मिलेगी।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान अधिकाधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। ये अभियान दिवस 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 05 दिसंबर (शनिवार) एवं 06 दिसंबर 2026 (रविवार) को आयोजित किए जाएंगे।
इन विशेष अभियान दिवसों पर सभी बूथ स्तरीय पदाधिकारी (BLO) कार्यालय अवधि में अनिवार्य रूप से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। साथ ही, जिस कार्यालय अथवा भवन में मतदान केंद्र अवस्थित होगा, उसे भी खुला रखा जाएगा, ताकि आम नागरिक आसानी से अपना आवेदन, दावा एवं आपत्ति दर्ज करा सकें।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा विधानसभा स्तर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित की जाएगी।
इन बैठकों में पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूची संबंधित राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके तहत निम्नलिखित प्रपत्रों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी—
प्रपत्र-9: प्रपत्र-6 के माध्यम से प्राप्त नाम जोड़ने संबंधी आवेदनों की सूची।
प्रपत्र-10: प्रपत्र-7 के माध्यम से प्राप्त नाम विलोपन संबंधी आवेदनों की सूची।
प्रपत्र-11: प्रपत्र-8 के माध्यम से प्राप्त प्रविष्टियों में सुधार, ईपिक प्रतिस्थापन एवं दिव्यांगजन के रूप में चिह्नित करने संबंधी आवेदनों की सूची।
प्रपत्र-11क: प्रपत्र-8 के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्र के भीतर पता परिवर्तन के लिए प्राप्त आवेदनों की सूची।
प्रपत्र-11ख: प्रपत्र-8 के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्र के बाहर पता परिवर्तन के लिए प्राप्त आवेदनों की सूची।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक सप्ताह आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को व्यक्तिगत रूप से उक्त अवधि तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी तथा सूची प्राप्त करने के संबंध में उनसे प्राप्ति रसीद भी ली जाएगी।
इसके अतिरिक्त, प्रपत्र-9, 10, 11, 11क एवं 11ख की एक प्रति निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी। इससे आम नागरिक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूची का अवलोकन कर सकेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की नियुक्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि श्री मुकुंद चौधरी, श्री देवेंद्र कुमार झा, श्री राहुल कुमार कर्ण, श्री मिथिलेश कुमार चौधरी, श्री उदय शंकर यादव, श्री जवाहरलाल शर्मा, श्री गगन कुमार झा, श्री सत्यनारायण पासवान, डॉ. जमाल हुसैन,शबे नवाज,श्री दुर्गानंद महावीर नायक सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar