मणिमहेश यात्रा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम,1000 से अधिक पुलिस-होमगार्ड जवान संभालेंगे मोर्चा, रात में बंद रहेगी यात्रा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा
डीसी चंबा मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण आयोजित बैठक में यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ रात के समय यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, भीड़ नियंत्रण तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
रात में इन समयों पर यात्रा रहेगी बंद
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मैहला से आगे रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक तथा हड़सर से पवित्र डल झील तक शाम 7 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा प्रतिबंधित रखने का निर्णय लिया गया है।
भरमौर में बनेगा मुख्य संचार नियंत्रण कक्ष
उपायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपमंडलीय मुख्यालय भरमौर में मुख्य संचार नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। यहां से यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं और आवश्यक सूचनाओं का समन्वय किया जाएगा।
1000 से अधिक पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात होंगे
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बैठक में बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान इस वर्ष लगभग एक हजार से अधिक पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती प्रस्तावित है। यात्रा मार्ग को विभिन्न सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित कर निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा।
इस बार स्थानीय लोगों द्वारा आवागमन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले वैकल्पिक मार्गों को भी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में शामिल किया गया है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस की प्रभावी निगरानी बनी रहे।
श्रद्धालुओं से प्रशासन ने की सहयोग की अपील
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने देशभर से मणिमहेश पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और मार्ग का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान अधिकारियों एवं जवानों का सहयोग करें।
एक नजर में प्रमुख फैसले
1----1000 से अधिक पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती प्रस्तावित।
2----भरमौर में मुख्य संचार नियंत्रण कक्ष स्थापित होगा।
मैहला से आगे रात 11 से सुबह 4 बजे तक यात्रा प्रतिबंधित।
3-----हड़सर से डल झील तक शाम 7 से सुबह 4 बजे तक यात्रा प्रतिबंधित।
4-----यात्रा मार्ग को अलग-अलग सुरक्षा सेक्टरों में बांटा जाएगा।
5------स्थानीय लोगों के वैकल्पिक मार्ग भी सुरक्षा दायरे में शामिल होंगे।
6------संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
Dharwala, Chamba | Aug 22, 2026