लोक राग समारोह के अंतिम दिन बुंदेली गायन, सोंगी-मुखौटा नृत्य एवं श्रीहनुमान लीला-नाट्य की हुई आकर्षक प्रस्तुतियां
---
जतारा के सांदीपनि विद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय लोक राग समारोह का 23 नवम्बर को भव्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। अंतिम दिवस पारंपरिक लोक कलाओं, लोक गायन एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बुंदेलखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों की समृद्ध लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
समारोह के अंतिम दिन टीकमगढ़ के शैलेंद्र सिंह सिसोदिया एवं उनके साथियों द्वारा बुंदेली गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। वहीं नासिक के छबीलदास गवली एवं उनके साथियों ने सोंगी-मुखौटा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही उज्जैन के श्री सतीश दुबे के पुनर्संयोजन में श्रीहनुमान लीला-नाट्य का प्रभावशाली मंचन किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था एवं पारंपरिक कला विधाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
तीन दिवसीय लोक राग समारोह में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोक कलाकारों ने सहभागिता कर पारंपरिक लोक गायन, नृत्य एवं नाट्य कलाओं की प्रस्तुतियां दीं। समारोह का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को मंच प्रदान करना तथा नई पीढ़ी को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्कृति विभाग के साथ समन्वय की जिम्मेदारी श्री अरविंद बुंदेला द्वारा निभाई जा रही है। जिला प्रशासन टीकमगढ़ के सहयोग से आयोजित इस समारोह ने क्षेत्र की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Department of Culture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Nov 24, 2026