ऑपरेशन मुस्कान से खिले 25 चेहरों पर मुस्कान, जमुई पुलिस ने लौटाए खोए मोबाइल
जमुई। मोबाइल खोने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 25 लोगों के चेहरे पर मंगलवार को खुशी लौट आई। जमुई पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत साइबर थाना की टीम द्वारा बरामद किए गए 25 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल की लोकेशन ट्रैकिंग और लगातार प्रयास के बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए। कुछ मोबाइल दूर-दराज के इलाकों से ट्रैक किए गए, जबकि कुछ को कूरियर व अन्य माध्यमों से मंगवाया गया।
एसपी विश्वजीत दयाल ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में शिकायत या सनहा दर्ज कराएं और संचार साथी पोर्टल पर मोबाइल को रजिस्टर करें। उन्होंने सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदते समय बिल और उसकी पूरी जानकारी जांचने की सलाह दी। साथ ही मोबाइल गुम होने पर उससे जुड़े बैंक खातों को तत्काल सुरक्षित या फ्रीज कराने को कहा, ताकि वित्तीय धोखाधड़ी से बचा जा सके।
Jamui, Jamui | Aug 11, 2026