हजारों श्रद्धालुओं ने मथुरा के गांव में निकाली भव्य कलश यात्रा, त्यागी बाबा पुण्यतिथि महोत्सव का हुआ शुभारम्भ
राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने संत-महात्माओं का किया अभिनंदन
समाज में सकारात्मकता का सशक्त मार्ग धर्म व सेवा : जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
बाटी। श्रीधाम बहुलावन, बाटी स्थित त्यागी बाबा आश्रम में साकेतवासी, वैष्णव कुलभूषण, श्रीश्री 108 महंत श्री श्यामदास जी महात्यागी (त्यागी बाबा) की प्रथम पुण्यतिथि महामहोत्सव का शुभारम्भ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा से हुआ। परम पूज्य श्री सियाराम जी महाराज की कृपा एवं पूज्य गुरुदेव श्री रामदास जी महाराज के सान्निध्य में तथा राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज के नेतृत्व में मथुरा के श्री बहुलावन बाटी स्थित श्री सीताराम मंदिर महावीर बाग में यह कार्यक्रम 23 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक होने वाले इस कार्यक्रम में दुर्लभ संत-महात्माओं का आगमन होगा। महामंडलेश्वर श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि भव्य कलश यात्रा में भजन-कीर्तन, जय श्रीराम के जयघोष और राधे-राधे की मधुर गूंज से ब्रजभूमि गुंजायमान हो गई। बहुलावन धाम से पूरे बाटी गांव के तीन किमी एरिया में हजारों श्रद्धालुओं के साथ कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके त्याग, तपस्या, गौ-सेवा एवं धर्ममय जीवन का भावपूर्ण स्मरण किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि उत्तरप्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि धर्म व सेवा के कार्य निरन्तर होने से समाज में सकारात्मकता का माहौल बनता है। ईश्वर की कृपा और संत-महात्माओं का आशीर्वाद हमें सद्मार्ग के लिए प्रेरित करता है। आयोजन से जुड़े मोहित पहलवान ने बताया कि कार्यक्रम में श्री माधवाचार्यजी महाराज दाऊजी मंदिर मुम्बई, श्री दिलीप देवाचार्य जी महाराज श्री जगन्नाथ मंदिर अहमदाबाद, श्री विजयरामदेवाचार्य भैयाजी महाराज बल्लभगढ़, श्री वैष्णवदासजी महाराज श्रीधाम अयोध्या, श्री राजेन्द्रदासजी महाराज, जगन्नाथ मंदिर गुजरात, नासिक से महामंडलेश्वर श्री भक्तिदासजी महाराज, गुजरात से महंत श्री गरीबदास जी महाराज, महंत श्री विष्णुदासजी महाराज, महंत प्रेमदासजी महाराज, महंत शत्रुध्नदासजी महाराज, महंत श्री परसमदासजी महाराज, महंत श्री दीनबंधुदासजी महाराज, महंत श्री गंगादास जी महाराज, श्री रामेश्वरदास जी महाराज, संत रघुवीरदास जी महाराज, महामंडलेश्वर राधे बाबा, आचार्य धर्मदेव जी, महंत मौनी बाबा सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य मिला। इस वृहद आयोजन के लिए अनेक संत-महात्माओं द्वारा महामंडलेश्वर श्री सरजूदासजी महाराज का संत सम्मान किया गया। कलश्यात्रा के पश्चात् श्री श्यामसुन्दर पाराशर जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का मंगलमय शुभारंभ किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम, करुणा और आध्यात्मिक ज्ञान से ओतप्रोत श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रीमद्भागवत कथा का वाचन श्री वृंदावन धाम, मथुरा के डॉ. श्यामसुंदर पाराशर द्वारा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। 30 अक्टूबर को रात्रि 8 से 11 बजे तक श्रीकुंजबिहारी श्री हरिदास जी महाराज द्वारा तथा 31 अक्टूबर को बाबा श्री चित्र-विचित्र जी महाराज द्वारा विराट भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में श्री हनुमंत महायज्ञ व विराट संत सम्मेलन में देशभर से अनेक पूजनीय, दुर्लभ, तपस्वी, संत जगद्गुरु एवं धर्माचार्यों का आगमन होगा।