राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ को दूसरे दिन भी बैठक सभा में दी श्रद्धांजलि
उदयपुर.राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ के देवलोक गमन पर गुरुवार को उदयपुर स्थित राजमहल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। दोपहर 2 से 3 बजे तक आयोजित इस सभा में आमजन सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजनों एवं समाजजनों ने उपस्थित होकर राजमाता साहिबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपस्थितजनों ने राजमाता साहिबा के गरिमामय व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भेंट कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि सभा में चित्तौड़गढ़ सांसद सी पी जोशी, उदयपुर विधायक ताराचंद जैन, रविन्द्र श्रीमाली, मध्यप्रदेश करणी सेना के शिव प्रताप सिंह चौहान, उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, महिपाल मकराना सहित मेवाड़ के विभिन्न मंदिरों के मठाधीश, पीठाधीश एवं पुजारीगण उपस्थित हो दिवंगत आत्मा की शांति तथा मेवाड़ राजपरिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने के लिए धैर्य, शक्ति एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। राजमहल में श्रद्धा, शोक और आत्मीय स्मृतियों से ओतप्रोत भावपूर्ण वातावरण रहा।
#udaipur #trendingudaipur #lakshyarajsinghmewar #Rajasthan