प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
01 सितम्बर 2026
शीर्षक: जमुई जिले के 18 पंचायतों और 5 नगर निकायों में सहयोग शिविरों का सफल आयोजन, नागरिकों के द्वार तक पहुंचीं सरकारी सेवाएं।
जमुई: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत 'सबका सम्मान, जीवन आसान' की मूल अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष पहल की गई है। इसके अंतर्गत जिले के कुल 18 पंचायतों तथा जमुई नगर निकाय के वार्ड संख्या 26, 27, 28, 29 और 30 में सहयोग शिविरों का सफल आयोजन हुआ। इन शिविरों का प्राथमिक उद्देश्य आम नागरिकों को उनके घर के समीप ही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही लोक शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित कर जनता को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में राहत प्रदान करना है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने अपनी विविध समस्याओं के निष्पादन और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ उठाने के लिए उत्साहपूर्वक अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
आज आयोजित इन सहयोग शिविरों के सुचारू और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों में वरीय पदाधिकारी उपस्थित होकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त जमुई द्वारा खैरा प्रखंड अंतर्गत दाबिल पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं, विभिन्न विभागों के स्टॉलों तथा आवेदन प्राप्ति एवं उनके निष्पादन की प्रक्रिया का गहन जायजा लिया साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों को शिविर में आने वाले हर नागरिक को बिना किसी असुविधा के सुलभ, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सभी आवश्यक संबंधित सरकारी सेवाएं प्रदान करने का निर्देश दिया।
Jamui, Bihar | Sep 1, 2026