जमुना नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मची हलचल
पूजा सामग्री विसर्जित करने गई महिला की पड़ी नजर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
जहानाबाद : शहर के पूर्वी गांधी मैदान के समीप गुरुवार को जमुना नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। नदी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार, एक महिला मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पूजा सामग्री लेकर नदी की ओर गई थी। इसी दौरान उसकी नजर नदी में तैर रहे शव पर पड़ी। महिला ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों ने भी उसके संबंध में अनभिज्ञता जताई।
लापता व्यक्ति से मिलान की कोशिश
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि नगर थाने में एक व्यक्ति के लापता होने से संबंधित आवेदन मिला है। हालांकि, नदी से बरामद शव का उससे फिलहाल कोई स्पष्ट मिलान नहीं हो पाया है।
पुलिस मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।