जिला स्तरीय मोगली बाल महोत्सव का आयोजन संपन्न
प्रश्न मंच प्रतियोगिता में परासिया विकासखंड रहा विजेता
राज्य स्तरीय मोगली बाल महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता विद्यार्थी
==============================
सतपुड़ा के समृद्ध वन क्षेत्र, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय मोगली बाल महोत्सव के अंतर्गत प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय सांदीपनी विद्यालय गुरैया में किया गया। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इडपाचे के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी 9 विकासखंडों के विद्यार्थियों ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने जंगल, वन्यजीवों तथा मोगली कथा के पात्रों बघीरा, बलू और शेरखान से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान और प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन में सहायक संचालक शिक्षा श्री पी.एल. मेश्राम मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि मोगली बाल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है, जो विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है।
शासकीय सांदीपनी विद्यालय गुरैया के प्राचार्य एवं आयोजन संयोजक श्री ए.एच. खान ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर श्री विनोद तिवारी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिला क्विज मास्टर श्री धीरेन्द्र दुबे ने रोचक शैली में प्रश्न मंच प्रतियोगिता का संचालन किया। निर्णायक की भूमिका शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानकादेही के प्राचार्य श्री अनिल नासेरी ने निभाई। प्रश्नों का स्क्रीन प्रदर्शन श्री राजेश मंडराह द्वारा किया गया। स्कोरिंग कार्य में श्रीमती तृप्ति पांडे, श्री कमलेश अहिरवार एवं श्री राजेश डेहरिया ने सहयोग प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कनिष्ठ वर्ग में परासिया विकासखंड के दिया बेलवंशी (शासकीय सांदीपनी विद्यालय न्यूटन चिखली) एवं आयुष झा (शासकीय माध्यमिक विद्यालय माथनी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर जुन्नारदेव विकासखंड के गौरव यदुवंशी एवं कावेरी साहू तथा तृतीय स्थान पर मोहखेड़ विकासखंड की अर्पणा चंदेल एवं दीपांशु राजनकर थे।
वरिष्ठ वर्ग में परासिया विकासखंड के चमन मर्राफा एवं साक्षी परानी (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिरसाडोह) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। द्वितीय स्थान जुन्नारदेव विकासखंड की पल्लवी सूर्यवंशी एवं विशाल उईके तथा तृतीय स्थान चौरई विकासखंड की मुस्कान यादव एवं अयान मंसूरी को प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के विजेता प्रतिभागी आगामी समय में पेंच राष्ट्रीय उद्यान, सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय मोगली बाल महोत्सव में छिन्दवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। साथ ही उन्हें मोगली लैंड भ्रमण का अवसर भी प्राप्त होगा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh