शासकीय महाविद्यालय तामिया में विश्व पर्यटन दिवस पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनी आयोजित
पर्यटन विकास में स्थानीय सहभागिता, स्वच्छता और होम स्टे को बढ़ावा देने पर दिया जोर
=============================
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय तामिया में एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अजय नावरे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक प्रो. विजय सिंह सिरसाम रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष तामिया श्रीमती तुलसा परतेती, जिला पंचायत सदस्य तामिया श्री नितिन मरकाम, पर्यटनविद् श्री पवन श्रीवास्तव, पत्रकार श्री नितिन दत्ता, श्री ईश्वर सिंह भाजपा मंडल सदस्य, श्रीमती ममता परतेती आंगन मिलन प्रभारी, भाजपा मंत्री श्रीमती कमली बाई, मंडल सदस्य श्रीमती रानी परतेती, देवकी सिरसाम परार्थ होम स्टे सहयोगी तथा सनोद नागवंशी इंडियन ग्रामीण सर्विसेस अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती तुलसा परतेती ने कहा कि तामिया क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन के विकास से स्थानीय लोगों को जोड़ने के साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यटकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. विजय सिंह सिरसाम ने विश्व पर्यटन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विश्व पर्यटन दिवस प्रतिवर्ष 27 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1970 में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन के कानून को अपनाए जाने की स्मृति में मनाया जाता है तथा पहली बार वर्ष 1980 में मनाया गया था। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पर्यटन को नया रूप देना” है। इसका उद्देश्य डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन को अधिक व्यक्तिगत, समावेशी एवं सतत बनाने की संभावनाओं को रेखांकित करना है।
पर्यटनविद् श्री पवन श्रीवास्तव ने तामिया क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं तथा होम स्टे की उपयोगिता और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. अजय नावरे ने कहा कि तामिया प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध क्षेत्र है। विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को समझते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तलाशने के लिए आगे आना चाहिए। पत्रकार श्री नितिन दत्ता ने पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला।
सावन महोत्सव में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र वितरित - कार्यक्रम के दौरान तामिया सावन महोत्सव में महाविद्यालय की नृत्य टीम एवं मंच संचालन टीम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सावन महोत्सव के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के संचालन में व्यवस्थापन सहयोग के लिए श्री निरंजन सिंह राजपूत एवं प्रो. विजय सिंह सिरसाम को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षणार्थियों को ट्रैक सूट वितरित - कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को ट्रैक सूट भी वितरित किए गए। ट्रैक सूट वितरण के लिए माधविका उईके द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती रवीना नर्रे, श्री वासुदेव पाटनकर, डॉ. भाटिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
#विश्व_पर्यटन_दिवस
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Madhya Pradesh Tourism
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh