वीबी-जी राम जी योजना के शुभारंभ पर एंचदा में विशेष ग्राम सभा आयोजित
..
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि उन्नयन, जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका पर हुआ व्यापक संवाद
..
शासन की महत्वाकांक्षी वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) – विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना के शुभारंभ के अवसर पर विकासखंड नटेरन की ग्राम पंचायत एंचदा में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं उपसंचालक कृषि श्री सचिन जैन ने की।
ग्राम सभा में ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन, जल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण तथा हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा ग्राम के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कृषि एवं ग्रामीण विकास पर दिया विशेष मार्गदर्शन -
उपसंचालक कृषि श्री सचिन जैन ने किसानों एवं ग्रामीणजनों को कृषि और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में सशक्त एवं आत्मनिर्भर गांवों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष बल दिया।
ग्राम सभा में उन्होंने विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इसके अंतर्गत किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की जानकारी देते हुए मृदा स्वास्थ्य कार्डों का वितरण किया गया। साथ ही सोयाबीन, धान, मक्का एवं मूंगफली की उन्नत खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा बेहतर उत्पादन तकनीकों से अवगत कराया गया। उन्होंने टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण एवं संरक्षण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
जल संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर -
ग्राम सभा में जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए वर्षा जल संचयन एवं जल संरचनाओं के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया गया। किसानों को चारा प्रबंधन के लिए चैफ कटर जैसे उन्नत कृषि यंत्रों की उपयोगिता समझाई गई, जिससे पशुपालन को भी बढ़ावा मिल सके।
बैठक में महिला सशक्तीकरण को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं की योजनाओं में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही खेतों तक पहुंच मार्ग की आवश्यकता एवं खेत तालाब निर्माण संबंधी मांगों को भी ग्राम सभा में दर्ज किया गया, ताकि भविष्य की कार्ययोजना में उन्हें प्राथमिकता दी जा सके।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही सहभागिता -
विशेष ग्राम सभा में ग्राम पंचायत एंचदा के सरपंच प्रतिनिधि श्री सालकराम राठौर, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि श्री लक्ष्मण सिंह राजपूत, जिला कार्यालय से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री रूपेश बघेल, कृषि विभाग नटेरन के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जगदीश गुर्जर, क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी श्री अभिषेक जैन, श्री राघवेंद्र अहिरवार, श्री राज रघुवंशी, पंचायत सचिव श्री दीवान सिंह मीणा सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ रोजगार, आजीविका, कृषि विकास एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। #Vidisha
80 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026