पत्थरगढ़ में 18 को होगी विशाल जनसभा, जमीयत अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी करेंगे शिरकत।
पानीपत। जिले के गांव पत्थरगढ़ में रविवार, 18 अक्टूबर को जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सैयद अरशद मदनी के बतौर मुख्य अतिथि एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर आयोजकों और स्थानीय स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं।
चार राज्यों के लोग होंगे शामिल
इस बारे में पूर्व सरपंच अमजद मजीदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन का दायरा केवल पानीपत या हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों—पंजाब, हिमाचल प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ से भी बड़ी संख्या में लोगों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी। कार्यक्रम का आयोजन गांव पत्थरगढ़ स्थित जामिया लिल बनात (यू.एम. गर्ल्स स्कूल) परिसर में दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।
वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों पर होगी चर्चा.।
गाँव के पूर्व सरपंच अमजद मजीदी द्वारा जारी बयान में बताया गया कि यह जनसभा देश की वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में आयोजित की जा रही है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों एवं अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करना, आपसी सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना तथा समाज में फैल रही नफरत और संकीर्णता के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करना है। कार्यक्रम में मुस्लिम लोगों के साथ साथ हर धर्म के लोगो को बुलाया गया है।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजक मंडल द्वारा लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है और सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।