सवाई माधोपुर अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सवाई माधोपुर डॉ. अनिल कुमार जेमिनी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, सवाई माधोपुर की टीम द्वारा सेंट एंसलम स्कूल, सवाई माधोपुर का निरीक्षण कर वहां पेयजल की शुद्धता एवं स्वच्छता की जांच की गई। टीम द्वारा विद्यालय में पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पेयजल की स्वच्छता एवं शुद्धता बनाए रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की पालना सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके पश्चात खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा खेरदा स्थित भारत पनीर उद्योग डेयरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डेयरी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। टीम द्वारा डेयरी संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों में सुधार करने के लिए पाबंद किया गया। साथ ही, तैयार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित परिस्थितियों में रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
इसी क्रम में हाल ही में प्रारंभ किए गए बजरिया स्थित श्री राजवाड़ी चाय आउटलेट का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चाय की गुणवत्ता एवं तैयार करने की प्रक्रिया का जायजा लिया गया। संचालक को चाय एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फूड-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, आउटलेट में स्वच्छता, चाय के सुरक्षित रख-रखाव एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों की पालना के संबंध में संचालक को अवगत करवाया गया।
संचालक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री की उचित एवं सुरक्षित पैकिंग करने, फूड-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का ही उपयोग करने तथा चाय एवं अन्य खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित निर्धारित मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया। टीम द्वारा स्पष्ट किया गया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना प्रत्येक खाद्य कारोबारकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितेश गौतम, चंचल मीणा एवं वीरेंद्र राजपूत मौजूद रहे।