समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*प्रेस विज्ञप्ति*
*प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
*नवंबर 2026 तक जिले के 6,137 बीपीएल उपभोक्ताओं के परिसर में सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य—जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध एवं सख्त निर्देश*
मधेपुरा, दिनांक *20 अगस्त 2026* ।
जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन (भा.प्र.से.) द्वारा आज प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों एवं अधिकृत वेंडरों के साथ ऑनलाइन माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत सोलर संयंत्र स्थापना, ऋण स्वीकृति एवं वितरण तथा उपभोक्ताओं के लंबित मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
*नवंबर तक 6,137 बीपीएल उपभोक्ताओं को सोलर से जोड़ने का लक्ष्य*
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने ओसवाल पंप्स लिमिटेड को नवंबर 2026 तक पूरे जिले में 6,137 बीपीएल उपभोक्ताओं के परिसर में सोलर संयंत्र स्थापित करने के निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने दोनों विद्युत प्रमंडलों में कंपनी की कार्य क्षमता बढ़ाने तथा आवश्यकतानुसार स्टोर/स्टॉक प्वाइंट स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि सोलर संयंत्रों की उपलब्धता एवं स्थापना कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
*लोन रिजेक्शन एवं लंबित ऋण मामलों का होगा त्वरित समाधान*
जिलाधिकारी ने बैठक में सभी संबंधित बैंकों के अधिकारियों से एक-एक कर योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी उपभोक्ता का लोन किन कारणों से रिजेक्ट हो रहा है अथवा डिस्बर्स नहीं हो पा रहा है, इसकी सूची संबंधित कनीय विद्युत अभियंता को उपलब्ध कराई जाए।
कनीय विद्युत अभियंता संबंधित उपभोक्ताओं एवं वेंडरों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक दस्तावेज बैंक को उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि पात्र लाभुकों के ऋण मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जा सके।
*लोन डिस्बर्स होने के बाद तत्काल सोलर स्थापना के निर्देश*
जिलाधिकारी ने सभी वेंडरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन लाभुकों का लोन डिस्बर्स हो चुका है, उनके परिसर में बिना अनावश्यक विलंब के सोलर संयंत्र स्थापित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्थापना कार्य में तेजी लाने तथा बैंक, विद्युत विभाग, वेंडर एवं लाभुक के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
*सोलर लगाने से पीछे हट रहे आवेदकों से पुनः संपर्क का निर्देश*
जिलाधिकारी ने सभी कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्देशित किया कि जिन उपभोक्ताओं ने सोलर संयंत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब किसी कारणवश इसे स्थापित नहीं कराना चाहते हैं, उनसे पुनः संपर्क स्थापित कर योजना के लाभ एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सोलर संयंत्र स्थापित कराने के लिए प्रेरित एवं अनुरोध किया जाए।
*बैंकिंग स्तर पर आ रही कठिनाइयों को उच्च स्तर पर कराया जाएगा दूर*
जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी लाभुक का लोन स्वीकृत करने में बैंक स्तर पर किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न हो रही है, तो संबंधित बैंक अपने उच्चाधिकारी को पत्र लिखकर उसकी प्रतिलिपि जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएं। इससे बैंक के उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित कर ऋण स्वीकृति में आ रही तकनीकी अथवा प्रक्रियात्मक बाधाओं का त्वरित समाधान कराया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा एवं बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य की प्राप्ति हेतु मिशन मोड में कार्य करना होगा।
*बैठक में ये रहे उपस्थित*
समीक्षा बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, मधेपुरा श्री अरविंद कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता, उदाकिशुनगंज श्री राजीव रंजन, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कनीय विद्युत अभियंता तथा अधिकृत एजेंसियों/वेंडरों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
7 views | Madhepura, Bihar | Aug 20, 2026