बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना ,
जेवरात व नकदी पार
बीकानेर । बीकानेर जिले में लूणकरणसर उपखंड कस्बे के कुम्भाणा बास स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर के ताले तोड़कर जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता उस समय चला जब परिवार आज रविवार को घर लौटा और मकान के ताले टूटे हुए मिले।
जानकारी के अनुसार कुम्भाणा बास निवासी विनोद नाथ पुत्र ख्याली नाथ का परिवार दो दिनों से घर से बाहर था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और जेवरात व नगदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर टाइगर फोर्स अध्यक्ष महिपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पर पुलिस ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।