समाहरणालय में मनाया गया हिंदी दिवस, कवियों ने बांधा समां
जहानाबाद : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, डीडीसी आदित्य कुमार पीयूष, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय सहित साहित्यकारों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी की सहजता और व्यापकता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। हिंदी का उपयोग समाज के लगभग हर क्षेत्र में किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के साथ भाषा के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में जिले के कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. रविशंकर शर्मा, चितरंजन चैनपुरा, सुधाकर राजेंद्र, सुधाकर रवि, मनीष मिश्रा, स्मृति अनुरागिनी, डॉ. मानसी, प्रो. मनोज कुमार मिश्र, सावित्री सुमन, अजय विश्वकर्मा, ममता प्रिया, मान्या गुप्ता, नंदन कुमार, महेश कुमार मिश्र, कवि दीपक, शाश्वत सुमन पाठक, अरविंद कुमार व अमृतेश मिता ने कविता एवं साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में वरीय प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।