रोटरी क्लब चम्बल ने शासकीय मिडिल स्कूल को बनाया 'हैप्पी स्कूल', आधुनिक सुविधाओं के साथ हुआ लोकार्पण
मुरैना। रोटरी क्लब चम्बल मुरैना द्वारा शासकीय मिडिल स्कूल क्रमांक-6 का नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार कर उसे "हैप्पी स्कूल" के रूप में विकसित किया गया। शुक्रवार को आयोजित समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के डीजीएन रोटेरियन प्रदीप पाराशर ने स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा समन्वयक हरीश तिवारी, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री आनंद गुप्ता, धीरेन्द्र सिंह चौहान एवं सह प्रांतपाल आकाश चांदिल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब चम्बल ने पिछले दो महीनों में स्कूल का व्यापक नवीनीकरण कराया। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बालक एवं बालिकाओं हेतु अलग-अलग शौचालय और वॉशरूम बनाए गए, पूरे विद्यालय में नई टाइल्स लगाई गईं, रंग-रोगन कराया गया, बाहरी दीवारों का प्लास्टर कराया गया तथा कक्षाओं और दीवारों पर प्रेरणादायक संदेशों व शैक्षणिक चित्रों की पेंटिंग कराई गई।
जिला शिक्षा विभाग ने रोटरी क्लब चम्बल को इस विद्यालय को "हैप्पी स्कूल" के रूप में विकसित करने के लिए औपचारिक रूप से गोद दिया था। उद्घाटन के बाद विद्यालय को पुनः स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए सौंप दिया गया।
रोटरी क्लब चम्बल इससे पहले भी विद्यालय में कई सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित करता रहा है। क्लब द्वारा विद्यालय में वाटर कूलर, पानी की टंकी, एयर कूलर, टेबल-बेंच सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। क्लब ने भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।
इस सेवा प्रकल्प को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 की डिस्ट्रिक्ट ग्रांट से सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे "हैप्पी स्कूल" परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।
समारोह में रोटरी क्लब मिड टाउन ग्वालियर के प्रतिनिधियों सहित रोटरी क्लब चम्बल के पदाधिकारी, सदस्य, पत्रकार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
#मुरैना #Morena