चित्रों में दिखी प्रकृति की खूबसूरती, निबंधों में गूंजा संरक्षण का संदेश
वन्य जीव संरक्षण सप्ताह में शाहनगर के 60 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
शाहनगर। वन्य जीवों की सुरक्षा केवल जंगल और वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के संतुलन से जुड़ी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से वन्य जीव संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शाहनगर वन परिक्षेत्र एवं अमला वन परिक्षेत्राधिकारी राजूल कटारे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच चित्रकला, निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम में करीब 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से जंगल, वन्य जीव और प्रकृति संरक्षण की कल्पनाओं को कागज पर उतारा।
इस प्रतियोगिता में नंदिनी सिंह ने प्रथम, दिव्याशी राजा अहीरवार ने द्वितीय और रितिका सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वन्य जीवों के महत्व, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। इसमें स्वतंत्रता यादव प्रथम, प्राची राय द्वितीय और मोनिका सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
सभी विजेता विद्यार्थियों को वन विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं कैरी बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि वन्य जीव हमारे पारिस्थितिक तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जंगल सुरक्षित रहेंगे और वन्य जीवों का संरक्षण होगा, तभी पर्यावरण का संतुलन भी कायम रहेगा।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. रागिनी तिवारी, विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. पाण्डेय एवं एनसीसी अधिकारी अखिलेश मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
वहीं वन विभाग की ओर से आशीष पाण्डेय उप वन अधिकारी, राहुल जैन, रामप्रसाद पटेल डिप्टी रेंजर, राघवेंद्र पाण्डेय वनरक्षक, दुर्गा सिंह एवं रचना जादौन सहित अन्य अमले ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
सबसे खास बात यह रही कि कार्यक्रम सिर्फ प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहा। विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने और उनके माध्यम से संरक्षण का संदेश परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की पहल भी दिखाई दी।
क्योंकि आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल जंगल, वन्य जीव और पर्यावरण की रक्षा का जिम्मेदार नागरिक बनेगा।
वन बचेंगे तो वन्य जीव बचेंगे…
वन्य जीव बचेंगे तो प्रकृति का संतुलन बचेगा…
और प्रकृति बचेगी, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।
📍 स्थान – सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शाहनगर, जिला पन्ना
#वन्यजीवसंरक्षणसप्ताह #शाहनगर #पन्ना #वन्यजीवसंरक्षण #पर्यावरणसंरक्षण #वनविभाग #प्रकृतिसंरक्षण #WildlifeConservation #SaveWildlife #SaveNature