अरवल में स्मैक तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार
बैदराबाद, भदासी और सिपाह में छापेमारी, 9.66 ग्राम स्मैक-हेरोइन और नशे में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद।
अरवल। जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, खरीद-बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अरवल पुलिस द्वारा विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तथा अरवल थानाध्यक्ष राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 9.66 ग्राम स्मैक-हेरोइन और नशे में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को गश्त के दौरान सूचना मिली कि बैदराबाद टीओपी नहर रोड के पास कुछ लोग अवैध स्मैक-हेरोइन की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर ओम प्रकाश और विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने भदासी कचरा स्टोर रूम के सामने छापेमारी की, जहां से सुधीर कुमार, पिंटू साव, रंजन कुमार और बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अरवल सिपाह स्थित केनरा बैंक के पास से आयुष कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम प्रकाश, विजय कुमार, सुधीर कुमार, पिंटू साव, रंजन कुमार, बिट्टू कुमार और आयुष कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में 12 पीस सनफिक्स, 18 फिल्टर पेपर, 22 श्री थ्राइस पेपर, 24 पीस बोगची परफेक्ट रोल और 15 पीस हुक्का फॉइल भी शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजकिशोर सिंह, अपर थानाध्यक्ष देवकांत सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेश कुमार शर्मा एवं विपुल कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अरवल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। Public ki Awaz Arvind Yadav Public Ki Awaz - News
Arwal, Arwal | Nov 2, 2026