स्व-सहायता समूहों की बहनों के उत्पादों को मिला बाजार मंच
चार दिवसीय जिला स्तरीय राखी मेले का हुआ शुभारंभ
नीमच, 25 अगस्त 2026। जिला पंचायत नीमच अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में चार दिवसीय जिला स्तरीय राखी मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
विधायक श्री परिहार ने स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए 25 स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों की खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने नागरिकों से मेले में पहुंचकर समूह की दीदियों द्वारा निर्मित उत्पाद खरीदने की अपील की।
कार्यक्रम में समूह की महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। विधायक श्री परिहार द्वारा दो स्व-सहायता समूहों को 5.50-5.50 लाख रुपये के बैंक क्रेडिट लिंकेज के चेक प्रदान किए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान ने भी मेले का भ्रमण कर सभी स्टालों का अवलोकन एवं खरीदारी की। मेले में आकर्षक राखियां, हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री एवं जैविक खाद्य उत्पाद उपलब्ध हैं। मेला 24 से 27 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आरिफ खान, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम श्री शम्भू मईडा, जिला प्रबंधक, जनपद पंचायत सदस्यगण, एनआरएलएम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच