12 साल से बिछड़े भाई मिले, अपना घर आश्रम ने परिवार की खुशियां लौटाईं
1542 किलोमीटर दूर से भाई को लेने उदयपुर पहुंचे परिजन, बूढ़ी मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू
@followers @top fans News 24 Udaipur
#udaipur #viralpost #nonfollowers #ApnaGharAshram
उदयपुर: अपनों से बिछड़े और वर्षों से परिवार की तलाश में भटक रहे एक व्यक्ति को अपना घर आश्रम उदयपुर की सेवा, संवेदनशीलता और निरंतर प्रयासों से 12 साल बाद उसका परिवार मिल गया। भाई से भाई का मिलन हुआ तो परिवार में खुशियां छा गईं और बूढ़ी मां की आंखें अपने बेटे को देखकर खुशी से नम हो गईं।
आश्रम अध्यक्ष गोपाल कनेरिया ने बताया कि दिनांक 21 जुलाई 2025 को पुलिस थाना केलवाड़ा, जिला राजसमंद द्वारा केलवाड़ा क्षेत्र में विक्षिप्त, लावारिस एवं आश्रयहीन अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को सेवा, उपचार एवं पुनर्वास के लिए बेदला स्थित अपना घर आश्रम उदयपुर में भर्ती कराया गया था। आश्रम में निरंतर सेवा, उपचार, देखभाल और ईश्वरीय कृपा से प्रभुजी की मानसिक स्थिति में सुधार होने लगा। काउंसलिंग के दौरान उन्होंने अपना नाम मनोज, पिता का नाम रघुनंदन तथा निवासी जिला नालंदा, बिहार बताया। उन्होंने नालंदा जिले के 5-6 अलग-अलग गांवों के नाम भी बताए। आश्रम की टीम ने गूगल के माध्यम से इन गांवों की जानकारी जुटाई, जिसमें चंडी प्रखंड के अंतर्गत अरईसा (रायस) गांव का पता चला।
इसके बाद आश्रम टीम ने चंडी थाना के एसएचओ एवं थाना प्रभारी से संपर्क कर प्रभुजी मनोज की जानकारी और फोटो साझा किए। पुलिस के सहयोग से मनोज के भाई अंकुश पासवान से संपर्क स्थापित हो पाया। वीडियो कॉल के माध्यम से मनोज और उनके भाई अंकुश की आपस में बात कराई गई। भाई अंकुश ने बताया कि वर्ष 2012 में मनोज घर से निकल गए थे। परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। धीरे-धीरे परिवार ने उनके वापस मिलने की उम्मीद भी छोड़ दी थी। ऐसे में अपना घर आश्रम से मनोज के सकुशल होने की सूचना मिली तो पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। अपने बेटे को 12 साल बाद देखकर वृद्ध मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
अपने भाई को वापस घर ले जाने के लिए अंकुश पासवान करीब 1542 किलोमीटर की दूरी तय कर उदयपुर स्थित अपना घर आश्रम पहुंचे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आश्रम उपाध्यक्ष राजेश गर्ग, एडवोकेट निर्मल पंडित, डॉक्टर असित मित्तल, डॉक्टर रीना मित्तल एवं अल्पना गर्ग ने मनोज प्रभुजी का तिलक लगाकर एवं ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें सकुशल परिजनों के साथ उनके गांव के लिए विदा किया। डॉ असित मित्तल एम रीना मित्तल ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ इन प्रभु जनों के साथ मनाई और अपनी खुशियों का इजहार किया। इस अवसर पर आश्रम परिवार के सदस्यों ने प्रभुजी के सुखद पारिवारिक जीवन की मंगलकामना की।
आश्रम की आमजन से अपील
अपना घर आश्रम ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी सड़क पर कोई व्यक्ति लावारिस, आश्रयहीन, बेसहारा, बीमार अथवा मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में मिले, जो अपने घर का पता या परिवार के संबंध में कोई जानकारी देने में असमर्थ हो, तो उसे अनदेखा न करें। ऐसे व्यक्ति की सूचना तत्काल बेदला स्थित अपना घर आश्रम उदयपुर के हेल्पलाइन नंबर 7412061028 एवं 9413479996 पर दें, ताकि उसे समय पर सेवा, उपचार और अपनों तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।
नर सेवा ही नारायण सेवा है। किसी बिछड़े हुए को उसके परिवार से मिलाना भी सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।
news by :
गोपाल कनेरिया
अध्यक्ष
9413479996
Girwa, Udaipur | Nov 15, 2026