भिवानी : हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार पंचायत भवन में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में एक भव्य एवं शानदार जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। नगराधीश अनिल कुमार ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. त्रिलोकचंद, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव, चौ. बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य मंजीत सिंह व डीआईओ अमित लांबा मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान नगराधीश अनिल कुमार ने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने विगत 60 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है,जिसमें हर वर्ग का योगदान रहा है। समारोह के दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित प्रदेश स्तरीय हीरक जयंती समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
नगराधीश ने अपना संदेश देते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश के विकास में मेहनती किसान, ऊर्जावान जवान, महिला शक्ति, व्यापारी, खिलाड़ी, उद्योगपति हर वर्ग का योगदान रहा है। जहां एक तरफ देश की सेना में हर दसवां जवान हरियाणा प्रदेश का है, वहीं खिलाडिय़ों ने अपनी ताकत व प्रतिभा से विश्व में हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा हर क्षेत्र में समृद्घ है। दूसरी तरफ से देखें तो इसी हरियाणा की कुरुक्षेत्र की पावन पवित्र भूमि से भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश देकर मानव जाति को कत्र्तव्य बोध करवाया, जिसका आज पूरा विश्व अनुशरण कर रहा है। उन्होंने समारोह में मौजूद युवाओं से प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान देने का आह्वान किया।