अबू आसीम आजमी बोले 2027 में आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर जीतेगी सपा, प्रदेश में 300 से अधिक जीतकर बनाएंगे सरकार, परिसीमन बिल पर कहा सरकार मनमानी और अहंकार के साथ काम कर रही है
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी शनिवार को अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंजीरपट्टी के निकट सरायमीर में स्थित नियाज नेशनल स्कूल के पांचवे वार्षिकोत्सव में शिरकत की। अबू आसीम इस विद्यालय के चेयरमैन हैं।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने परिसीमन बिल, महिला आरक्षण, दलबदल, सपा-कांग्रेस गठबंधन और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतेगी, जबकि आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा का कब्जा होगा।
परिसीमन बिल को लेकर अबू आसिम आजमी ने कहा कि सरकार मनमानी और अहंकार के साथ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास पर्याप्त बहुमत नहीं है और मीडिया में सांसदों को बड़ी रकम देकर या डराकर समर्थन जुटाने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी मिलकर इस बिल को पास होने से रोकने की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक दलों का हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर अलग-अलग रुख सामने आने से गठबंधन की छवि प्रभावित होती है।
शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत द्वारा सांसदों को 150 से 200 करोड़ रुपये तक देने के आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि देश में दलबदल रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। कोई भी जनप्रतिनिधि जिस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ता है, उसे उसी पार्टी और उसके सिद्धांतों के साथ रहना चाहिए। यदि उसे पार्टी बदलनी है तो पहले इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ना चाहिए।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही इसके भीतर दलित और मुस्लिम महिलाओं के लिए भी उप-आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा गांवों, किसानों और गरीब परिवारों की महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि समाज के वंचित वर्गों की महिलाओं की आवाज संसद तक पहुंच सके।
अखिलेश यादव द्वारा 25 लाख लोगों को रोजगार देने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि यह कोई जुमला नहीं, बल्कि पक्की गारंटी है। इसके लिए बाकायदा हिसाब-किताब और फंड की व्यवस्था की जाएगी तथा सरकार बनने पर वादे को पूरा किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जमीनी स्थिति और जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए। जिस सीट पर जिस पार्टी को अधिक जनसमर्थन और वोट मिले हों, उसे प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस को कुछ ऐसी सीटें भी दी थीं, जहां समाजवादी पार्टी को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को महज 1,100 से 1,200 वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि सीट उसी पार्टी को मिलनी चाहिए, जिसके पास वहां मजबूत कार्यकर्ता और जीतने की क्षमता वाला उम्मीदवार हो।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोग बोलते रहते हैं, इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता।
ओवैसी और चंद्रशेखर रावण के गठबंधन के सवाल पर अबू आजमी ने कहा कि इसका समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने ओवैसी के बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा ऐसे बयानों का राजनीतिक फायदा उठाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से सपा को नुकसान नहीं होगा, बल्कि पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने 2027 में 300 से अधिक सीटें जीतने का दावा भी दोहराया।
मुसलमानों को देश से बाहर निकालने जैसी बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि ऐसी बातें केवल राजनीतिक हुंकार और वोटों के ध्रुवीकरण के लिए की जाती हैं। यहां के लोग और हिंदू समाज समझदार एवं धर्मनिरपेक्ष हैं, वे ऐसी बातों को आगे नहीं बढ़ने देंगे। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम और सिख मिलकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान और महात्मा गांधी की विचारधारा के अनुरूप समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे।
आजम खान के 'इंकलाब' वाले बयान और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर उन्होंने कहा कि आजम खान कई बार मंत्री और सांसद रह चुके हैं तथा अदालत से बरी होकर आए हैं। ऐसे में उनके खिलाफ की गई कार्रवाई और दर्ज मुकदमों को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अबू आसिम आजमी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी आजमगढ़ जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने इसकी वजह जिले में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और आपसी सौहार्द को बताया। उन्होंने यहां तक कहा कि वह चुनाव प्रचार किए बिना भी आजमगढ़ में सपा की जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी प्रदेश में 300 से अधिक सीटें हासिल करेगी। पिछली बार भाजपा के '400 पार' के नारे को समाजवादी पार्टी ने रोक दिया था। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के समर्थन के बिना भाजपा केंद्र की सत्ता में नहीं रह पाती।
बाइट : अबू आसीम आजमी, सपा नेता
Azamgarh, Azamgarh | Nov 28, 2026