बेतिया में जनसुनवाई के दौरान DM ने सुनीं 42 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान, फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुन अधिकारियों को दिए निर्देश, निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निष्पादन करने का आदेश...
पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 42 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें कई मामलों का तत्काल मौके पर ही समाधान कराया गया। वहीं, शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान राजस्व से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल की समस्या, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित विभिन्न जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मामलों की स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत संचालित 'सबका सम्मान-जीवन आसान' अभियान के अंतर्गत जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना है।
#nonfollowersviewers #champaran24news #viralreelschallenge #trendingreels #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #fb