प्रेस विज्ञप्ति
ब्लॉक चम्बा में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक
चम्बा, 14 नवम्बर 2026।
मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला युवा कार्यालय चम्बा द्वारा ब्लॉक चम्बा, जिला चम्बा में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट (Neighbourhood Youth Parliament) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीमती उपमा शर्मा, उप निदेशक, DIET चम्बा तथा श्रीमती नम्रता शर्मा, प्रधानाचार्य, DIET चम्बा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की डॉक्टरों की टीम द्वारा 'नशामुक्त युवा' विषय पर विशेष जागरूकता व्याख्यान दिया गया। इसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें नशे के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक स्लोगन बॉक्स (Slogan Box) भी स्थापित किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के समर्थन में अपने विचार एवं संदेश प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशामुक्त एवं जागरूक युवा ही सशक्त तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
मेरा युवा भारत चम्बा द्वारा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक जागरूकता गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला युवा कार्यालय
मेरा युवा भारत, चम्बा (हि.प्र.)
Chamba, Chamba | Nov 14, 2026