जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित
-
जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से संपादित करने के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
-
शासन के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना संबंधी कार्य को निर्धारित समय-सीमा में सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपादित करने के उद्देश्य से जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया, दायित्वों तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी प्रदान की गई, ताकि आगामी जनगणना कार्य का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण में जिला स्तर पर अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, एसडीएम बल्देवगढ़ श्री निशांत भूरिया, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री रामबाबू गुप्ता,नगर पालिका टीकमगढ़ के सीएमओ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया, नगर परिषद अधिकारी पलेरा सुश्री शिवी उपाध्याय, नगर परिषद अधिकारी खरगापुर श्री सिद्धांत जैन, नगर परिषद अधिकारी बलदेवगढ़ श्री राघवेंद्र शुक्ला, नगर परिषद अधिकारी लिधौरा श्री प्रतीप भदौरिया, संबंधित जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी एवं लिपिकीय अमले तथा नगरीय निकायों एवं अन्य संबंधित स्तरों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, अधिकारियों के दायित्वों तथा गणना कार्य की निगरानी से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग के लिए निर्धारित तकनीकी प्रणाली, मोबाइल एप्लीकेशन, डाटा की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति की निगरानी तथा आवश्यक रिपोर्टिंग प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
इस दौरान जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व स्पष्ट किए गए, जिससे जिला स्तर से लेकर चार्ज एवं मैदानी स्तर तक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। साथ ही गणना कार्य से संबंधित व्यवस्थाओं, सामग्री के प्रबंधन, मैदानी स्तर पर कार्य की निगरानी तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फरवरी 2027 में किया जाना है। इसके दृष्टिगत आयोजित प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया एवं प्रशासनिक दायित्वों की जानकारी प्रदान कर आगामी कार्य के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण से जनगणना कार्य के विभिन्न स्तरों पर प्रभावी समन्वय, पर्यवेक्षण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
#JansamparkMP
#jansampartikatikamgarh
#tikamgarh