बांका में 'राष्ट्रीय प्रेस दिवस' के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा की गई।
इस वर्ष भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित थीम "Journalism : Populist or Responsible" (पत्रकारिता: लोकलुभावन या जिम्मेदार) पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी, बांका ने जिले के सभी पत्रकार बंधुओं को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रेस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान डिजिटल युग में पत्रकारिता के समक्ष तात्कालिक लोकप्रियता (लोकलुभावन) और तथ्यों पर आधारित (जिम्मेदार) पत्रकारिता के बीच संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देती है, अफवाहों पर विराम लगाती है तथा प्रशासन और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है।
जिला पदाधिकारी ने बांका जिले के पत्रकारों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ के मीडिया प्रतिनिधियों ने सदैव रचनात्मक और सकारात्मक पत्रकारिता का परिचय दिया है। सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान में जिला प्रशासन को मीडिया का निरंतर सहयोग प्राप्त होता रहा है।
संगोष्ठी के दौरान उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों एवं बुद्धिजीवियों ने भी विषय पर प्रकाश डालते हुए निष्पक्ष, तथ्यपरक और जन-सरोकार से जुड़ी पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का संचालन जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, बांका द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता बांका, उपविकास आयुक्त बांका आदि प्रशासनिक पदाधिकारीगण, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, छायाकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 17, 2026