#अलीगढ़ #संविधान दिवस
*संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से विद्यार्थियों ने लिया लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प*
*संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों, आदर्शों और राष्ट्रीय एकता का आधार*
*-जिला जज, पंकज कुमार अग्रवाल*
*विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, न्यायिक अधिकारियों ने रंगोली का किया अवलोकन, साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी*
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नौरंगीलाल इंटर कॉलेज परिसर में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पंकज कुमार अग्रवाल ने बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। विद्यार्थियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके अनुरूप आचरण करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश पंकज कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का मजबूत आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ ही उसके प्रति कुछ महत्वपूर्ण दायित्व भी निर्धारित करता है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श केवल प्रस्तावना तक सीमित न रहें, बल्कि हमारे दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को समझें, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनें।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्वान न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में तैयार की गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता एवं प्रयासों की सराहना की। इसके उपरांत न्यायिक अधिकारियों ने जागरूकता के संदेश के साथ आयोजित साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति सम्मान और नागरिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साक्षी गर्ग सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
Koil, Aligarh | Nov 26, 2026