श्रमिकों के कल्याण, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए दिल्ती में संय़ुक्त सचिव से मिले बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं से लाखों श्रमिकों को लाभ, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत ₹108 करोड़ से अधिक की राशि वितरित
दिनांक 16.10.2026 को हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं के सम्बन्ध में भारत सरकार के संयुक्त सचिव से दिल्ली में श्रम शक्ति भवन में मुलाकात की गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं तथा श्रमिकों की आर्थिक सहायता, शिक्षा संबंधी लाभ तथा अन्य कल्याणकारी सुविधाएं योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। चर्चा के दौरान संयुक्त सचिव आशुतोष ए. टी. पेडणेकर (Ashutosh A.T. Pednekar) श्रम और रोजगार मंत्रालय भारत सरकार ने भी हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की।
अध्यक्ष ने जाहिर किया कि अब तक लगभग 4.77 लाख श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग एक लाख ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की गई है। संयुक्त सचिव श्रम और रोजगार मंत्रालय भारत सरकार ने बोर्ड द्वारा ई-केवाईसी के माध्यम से पात्र लोगों की पहचान करके उन तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रशंसा की । अध्यक्ष ने ऐसी ही प्रणाली पूरे देश में लागू करने पर बल दिया ताकि पात्र लाभार्थियों की पहचान करके उन्हे विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा सके । इस दौरान लेवर चौक बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई ।
जनवरी 2023 से अब तक बोर्ड द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लगभग 108 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत ही सबसे ज्यादा 15,536 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया तथा शिक्षा के लिए ₹46,38,01,225 की राशि वितरित की गई।
श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारी डिपुओं में योजनाओं के प्रचार-प्रसार, डिजिटल लेबर चौक तथा सैस एकत्रित से संबंधित कार्यों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित कार्यों की प्रगति के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
नरदेव सिंह कंवर अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने बताया कि बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं को अन्य देशों में भी सराहना मिली है। उन्होने बताया कि श्रीलंका और नेपाल से आए प्रतिनिधिमंडलों ने बोर्ड की कार्यप्रणाली एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की तथा अपने देशों में भी हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाएं अपनाने में रुचि व्यक्त की।
इसके अतिरिक्त, आम जनता एवं पात्र श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने की पहल भी की जा रही है।
नरदेव सिंह कंवर अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने जाहिर किया कि मुख्यमंत्री श् सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
Shimla Urban, Shimla | Oct 16, 2026