#हिमाचल के डॉक्टर ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया प्रदेश का मान, डॉ. बिरसुखमन सिंह बने फाइमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
शिमला। हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के चिकित्सक डॉ. (मेजर) बिरसुखमन सिंह को फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फाइमा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। वर्ष 2026-27 के लिए हुए इस चुनाव में जीत दर्ज कर उन्होंने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। वह हिमाचल प्रदेश के किसी भी चिकित्सा संस्थान से इस प्रतिष्ठित पद पर पहुंचने वाले पहले चिकित्सक बन गए हैं।
डॉ. बिरसुखमन सिंह वर्तमान में आईजीएमसी के त्वचा रोग विभाग में तृतीय वर्ष के जूनियर रेजिडेंट हैं। इसके साथ ही वह संस्थान की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। फाइमा देशभर के रेजिडेंट डॉक्टरों का प्रमुख राष्ट्रीय संगठन है। चुनाव 22 नवंबर रात 11 बजे से 23 नवंबर रात 8 बजे तक सुरक्षित ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया के माध्यम से करवाया गया। चुनाव आयुक्त की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई।
डॉ. सिंह भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने पूर्वी लद्दाख और लद्दाख के दुर्गम ऊंचाई वाले हिमनद क्षेत्रों में देश की सेवा की है। सेना से सेवामुक्त होने के बाद उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखी और त्वचा रोग विशेषज्ञता के लिए आईजीएमसी शिमला से जुड़े। यहां उन्होंने शोध, शैक्षणिक गतिविधियों और राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलनों में उपलब्धियों के माध्यम से संस्थान का नाम रोशन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अब वह देशभर के रेजिडेंट डॉक्टरों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए काम करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से आईजीएमसी सहित प्रदेश के चिकित्सा जगत में खुशी की लहर है।