बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय, किशनगंज के तत्वावधान में मारवाड़ी कॉलेज कैंपस परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का भव्य आयोजन किया गया।
श्री नवीन कुमार , जिला पदाधिकारी,किशनगंज एवं श्री आदित्य प्रकाश ,जिला नियोजन पदाधिकारी, किशनगंज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेला का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि इस रोजगार मेले में कुल 1000 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है , जिसमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा 380 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक रूप से चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मेलों से जिलेभर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार का सुनहरा अवसर मिलता है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ नौकरी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए मार्गदर्शन देना भी है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
इस नियोजन मेले में लगभग 24 कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर प्रदान किए।