🚨रायवाला पुलिस की चेकिंग में फंसे, ऋषिकेश बनखंडी के दो युवक भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार
जनपद देहरादून में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए दून पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में जिले के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नशा तस्करों के ठिकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुके या प्रकाश में आए 176 अभियुक्तों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया।
अभियान के तहत सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संबंधित थाना क्षेत्रों में दबिश देने के साथ ही सघन चेकिंग अभियान भी चलाया। पुलिस ने पूर्व में नशा तस्करी में संलिप्त रहे लोगों के वर्तमान कार्यों, मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाई, ताकि उनकी दोबारा किसी अवैध गतिविधि में संलिप्तता का पता लगाया जा सके। पुलिस ने सभी को चेतावनी दी कि दोबारा नशा तस्करी में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायवाला में स्कूटी सवार दो आरोपी गांजे के साथ गिरफ्तार
अभियान के दौरान रायवाला क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। हरिद्वार की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों प्रवीण (40 वर्ष) और अजय कुमार (27 वर्ष), निवासी बनखंडी, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से गांजे के साथ यामाहा कंपनी की काले रंग की स्कूटी (UK14P-0392) भी बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में मु0अ0सं0 202/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया है।
#DehradunPolice #DrugFreeDevbhoomi #UttarakhandPolice #DrugSmuggling #DehradunNews #newsmafiya