पवाणी का दर्दनाक मंजर : कल तक खुशियों से गुलजार था गांव, आज हर तरफ राख और मातम...!
उत्तरकाशी के मोरी तहसील के पवाणी गांव में आग ने ऐसा कहर बरपाया कि कभी खुशियों से गुलजार रहने वाला गांव आज राख, वीरानी और दर्द की तस्वीर बन गया है। आग की भयावह लपटों में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 58 परिवार प्रभावित हुए हैं।
पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। 13 मकान सुरक्षित बच पाए हैं। राहत की बात है कि अभी तक किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है।
लेकिन जरा सोचिए... जिन घरों में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, जहां परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपने सपनों का आशियाना बनाया था, आज वहां सिर्फ राख और जले हुए अवशेष बचे हैं। यह केवल मकानों का जलना नहीं, बल्कि मेहनत, यादों, उम्मीदों और जिंदगीभर की कमाई का उजड़ जाना है।
पवाणी की खामोश गलियां और जली हुई दीवारें उन परिवारों के दर्द को बयां कर रही हैं, जिन्हें अब अपनी जिंदगी फिर से शून्य से शुरू करनी होगी। इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, आर्थिक सहायता और पुनर्वास की जरूरत है। ईश्वर सभी प्रभावित परिवारों को इस असहनीय पीड़ा से उबरने की शक्ति दे और उनके उजड़े आशियानों में फिर से खुशियों का उजाला लौटाए।
#पवाणी #मोरी #उत्तरकाशी #अग्निकांड #Uttarkashi #Pawani #PahadSamachar #पहाड़समाचार #uttarakhand #pawanimori #mori #PawaniVillage