मुहर्रम को लेकर जमुई प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जमुई। मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, विधि-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में जिला मुख्यालय के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च टाउन थाना परिसर से प्रारंभ होकर भछियार, नीमारंग सहित शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरा। मार्च का उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा शांतिपूर्ण माहौल का संदेश देना था।
इस दौरान जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के अवसर पर शांति भंग करने, हुड़दंग मचाने अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों से मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या नियंत्रण कक्ष को देने का अनुरोध किया गया।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात...
Jamui, Jamui | Jun 25, 2026