#बालाघाट
नक्सल प्रभावित रहे चार गांवों में किसानों को निःशुल्क सरसों बीज वितरित
वैल्यू चैन स्कीम के तहत किसानों को तिलहन खेती के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित, फसल विविधीकरण से बढ़ेगी आय
नक्सलवाद से मुक्त हुए बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित रहे गांवों में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत धूनधुनवर्धा एवं उसके अंतर्गत आने वाले 04 ग्रामों में 7 नवंबर को वैल्यू चैन स्कीम (Value Chain Scheme) के तहत किसानों को निःशुल्क सरसों बीज का वितरण किया गया।
कृषकों की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग बिरसा द्वारा यह पहल की गई है। किसानों को सरसों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाया जा सके और परंपरागत फसलों के साथ अन्य लाभकारी फसलों को भी खेती में शामिल किया जा सके। इससे कृषि में फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों को आय के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करना है। नक्सल प्रभावित रहे गांवों में किसानों को कृषि की नई गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpkrishi
#WelfareTribal