बागली क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹2 लाख की अवैध शराब जब्त
देवास। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग देवास ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹2 लाख मूल्य की अवैध शराब और महुआ लाहन बरामद किया है। कार्रवाई में कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को आबकारी वृत्त बागली (अ) के अंतर्गत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम धूपघट्टा, खुटखाल, पांडुतालाब, सीतापुरी और अमरपुरा सहित विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर सघन चेकिंग एवं दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 4 पेटी विदेशी मदिरा बीयर, 1 पेटी देशी मदिरा प्लेन, 1 पेटी लंदन वोदका, 9 बोतल सी.पी. व्हिस्की, 90 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा 1400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया।
जांच के बाद मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जब्त मदिरा एवं सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख रुपए बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक गोकुल प्रसाद मेघवाल, रोहित मुकाती, राजश्री खन्ना, योगेंद्र सिंह ठाकुर, अरविंद सोलंकी, दीपक धुरिया एवं राजाराम रेकवार, आबकारी मुख्य आरक्षक राजेश जोशी, बालकृष्ण जायसवाल एवं सुरेंद्र वरसी तथा आबकारी आरक्षक गीतेश पंडाग्रे एवं आशीष गुप्ता शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।