डीडवाना रोडवेज बस स्टैंड बदहाली का शिकार: न सुरक्षा, न सुविधाएं; राम भरोसे यात्री
पूछताछ काउंटर पर कर्मचारी नदारद, कंप्यूटर चालू; सीसीटीवी कैमरे खराब होने से महिलाओं के साथ बढ़ रही चेन स्नेचिंग व चोरी की वारदातें
डीडवाना।स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड इन दिनों प्रशासनिक अनदेखी और व्यवस्थाओं की भारी बदहाली का दंश झेल रहा है। कहने को तो यह जिला मुख्यालय का मुख्य बस स्टैंड है, लेकिन धरातल पर यात्रियों के लिए यहां कोई उचित पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां यात्रियों को ठंडी छांव और पानी मिलना चाहिए, वहीं वे मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते पूरा परिसर राम भरोसे चल रहा है।बस स्टैंड पर आने वाले ग्रामीण और बाहरी यात्रियों को बसों के आवागमन की जानकारी देने के लिए बनाया गया पूछताछ काउंटर खुद अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। काउंटर के भीतर कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं रहता। लापरवाही का आलम यह है कि काउंटर के भीतर कंप्यूटर सिस्टम लावारिस हालत में चालू पड़ा रहता है, लेकिन जानकारी देने वाला कोई नहीं है। पूरा कमरा धूल से अटा पड़ा है, जिससे साफ जाहिर होता है कि यहां लंबे समय से कोई सफाई नहीं हुई है और न ही प्रबंधन इस ओर ध्यान दे रहा है।सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलते हुए बस स्टैंड परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं। कैमरों के बंद होने का सीधा फायदा असामाजिक तत्वों और शातिर चोरों को मिल रहा है। बस स्टैंड पर आए दिन यात्रियों, विशेषकर महिलाओं के साथ बैग चोरी, पर्स गायब होने और चेन स्नेचिंग जैसी वारदातें हो रही हैं। पुलिस और रोडवेज प्रशासन को शिकायतें मिलने के बावजूद इन कैमरों को दुरुस्त करवाने की जहमत आज तक नहीं उठाई गई, जिससे यात्रियों में असुरक्षा का माहौल है।परेशानी यहीं खत्म नहीं होती; पूरे बस स्टैंड परिसर में चारों तरफ गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है। कचरा पात्र होने के बावजूद नियमित सफाई न होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। वहीं, इस झुलसाती गर्मी में यात्रियों को राहत देने के लिए छत के नीचे लगाए गए अधिकांश पंखे खराब पड़े हैं। कुछ गिने-चुने पंखे ही रेंग रहे हैं, जबकि ज्यादातर बंद पड़े हैं, जिसके कारण उमस और भीषण गर्मी से बूढ़े, बच्चे और महिला यात्री बेहाल हो रहे हैं। और बस स्टैंड की दीवारें भी जर्जर है।स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रा करने वाले लोगों का कहना है कि डीडवाना को जिला मुख्यालय बने लंबा समय बीत चुका है, लेकिन मुख्य बस स्टैंड की हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है। इन तमाम अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक रोडवेज प्रबंधन या स्थानीय प्रशासन की ओर से इसे दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
Didwana, Nagaur | Jun 25, 2026