सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
नीमच, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स के साथ सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है। अभियान के अंतर्गत होने वाली प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलेगा तथा 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर केंद्र सरकार की योजनाओं से निर्मित बड़े निर्माण कार्यों एवं लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीपक अवश्य जलाए जाएं। इसी दिन रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के लिए कार्ययोजना के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें तथा इसमें जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कलेक्टर्स अपने जिले के प्रभारी मंत्री से परामर्श कर अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों को अंतिम रूप दें।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों के वीडियो, फोटो एवं अन्य जानकारियों को पोर्टल पर दर्ज करने के लिए अलग से टीम तैनात की जाए। उज्जैन में शिप्रा के तट पर 26 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे, जिसके लिए भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान एनआईसी कक्ष नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान_2026
#Neemuch
#नीमच
Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 14, 2026