चास_मुफस्सिल थाना, रंगदारी मांगने के मामले में तीन साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
बोकारो:- एनएच-32 से ग्राम चिकसिया तक सड़क निर्माण कार्य में रंगदारी मांगने के मामले में चास मुफस्सिल थाना पुलिस ने करीब तीन साल से फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त हरे कृष्ण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे 10 नवंबर की शाम उसके घर से गिरफ्तार किया। बुधवार, 11 नवंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त 2023 को वादी ने चास मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी कि एनएच-32 से ग्राम चिकसिया तक सड़क निर्माण कार्य के दौरान हरे कृष्ण शर्मा द्वारा रंगदारी की मांग की जा रही है। आवेदन के आधार पर चास मुफस्सिल थाना कांड संख्या 132/2023, दिनांक 1 अगस्त 2023 को भारतीय दंड संहिता की धारा 386, 504 एवं 506 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। इसके बाद माननीय न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध अजमानतीय वारंट जारी किया गया था। अंततः पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
इस छापेमारी दल में चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल, पु०अ०नि० मो० मोजम्मील, पु०अ०नि० मो० मकसूद अहमद, स०अ०नि० महेश कुमार, स०अ०नि० श्रवण कुमार रवि, आरक्षी पुनित कुमार पासवान सहित चास मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
Chas, Bokaro | Nov 11, 2026