जालौन में अधिवक्ता की हत्या से फतेहपुर में उबाल, कलेक्ट्रेट परिसर में वकीलों का जोरदार प्रदर्शन
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के विरोध में बुधवार को फतेहपुर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
दरअसल, जालौन जिले के कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या की घटना ने प्रदेशभर के अधिवक्ताओं को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद विभिन्न जनपदों में अधिवक्ता संगठनों द्वारा प्रदर्शन कर सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की जा रही है।