पिपलियामंडी में चोर गैंग का बड़ा खुलासा, सोलर केबल जलाकर निकालते थे तांबा
पिपलियामंडी। सोलर पावर प्लांट और गोदामों को निशाना बनाने वाली पारदी गैंग का पिपलियामंडी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर तीन विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने पिपलियामंडी और वायडीनगर क्षेत्र में 7 चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य दिन में मोटरसाइकिल से घूमकर सोलर प्लांट, गोदाम और दुकानों की रेकी करते थे। रात में मौका मिलते ही केबल और तांबे का सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी की गई केबल को सुनसान स्थान पर जलाकर उससे तांबा निकाला जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 18 किलो तांबा, 2 लाख रुपये के तांबे के पुराने बर्तन और तीन मोटरसाइकिल सहित कुल 6.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस अब गैंग के अन्य मामलों और चोरी के माल की बिक्री को लेकर पूछताछ कर रही है।