लक्ष्मण भारद्वाज हत्याकांड मामले में दो मुठभेड़ के बाद और तीन अन्य गिरफ्तार...
लक्ष्मण हत्याकांड में अपराध शाखा ऊंचा गांव और सेक्टर-65 की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव और जतिन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में तरुण के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक आठ आरोपी काबू किए जा चुके हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साहूपुरा निवासी अमित ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 4 अक्टूबर को उसके चाचा लक्ष्मण ने महेश को फोन कर बताया कि सेक्टर-62/64 स्थित डीलर चौक पर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले कुछ लोग और उनके साथी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
अमित और उसका भाई महेश मौके पर पहुंचे तो करीब 10–12 लोग लक्ष्मण पर चाकू और रॉड से हमला कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर दोनों भाइयों पर भी हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण लक्ष्मण (45) की मौत हो गई, जबकि महेश घायल हो गया। शिकायत पर थाना आदर्श नगर में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 और 8 अक्टूबर की दरमियानी रात सूचना मिली कि तरुण उर्फ नवीन और जतिन मलेरना रोड, सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के गोदाम में बने कमरों में छिपे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद दोनों अपराध शाखाओं की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे। इसी दौरान तरुण ने पुलिस टीम पर दो फायर किए। चेतावनी के बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लगी। टीम ने दोनों आरोपियों को काबू कर एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस जांच के अनुसार, लक्ष्मण पर चाकू से हमला करने वालों में तरुण, जतिन और आकाश शामिल थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 8 अक्टूबर को रिंकू, अनूप और राजीव निवासी ऊंचा गांव को भी गिरफ्तार किया गया। इससे पहले प्रशांत, नमन और आकाश को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार किया जा चुका था। मामले में आगे की जांच जारी है।